ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंदों के बीच बीडीओ ने बांटे कंबल

बीडीओ नीतीश कुमार एवं सीओ जुगनू रानी द्वारा क्षेत्र भ्रमण के क्रम में ठंड से बचाव के लिए दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया जा रहा है.

By SHUBHASH BAIDYA | December 20, 2025 7:33 PM

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में दिन प्रतिदिन बढ़ती शीतलहर एवं बढ़ती ठंड को देखते हुए बीडीओ नीतीश कुमार एवं सीओ जुगनू रानी द्वारा क्षेत्र भ्रमण के क्रम में ठंड से बचाव के लिए दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया जा रहा है. सभी कंबल सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बांका के सहयोग से प्रखंड के लिए उपलब्ध कराया गया है, ताकि ठंड के मौसम में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके. इसी क्रम में शनिवार की शाम प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतीश कुमार एवं सीओ जुगनू रानी द्वारा भरतशिला एवं कुर्मा पंचायत में जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया. कंबल प्राप्त होने के उपरांत सभी लाभुकों के चेहरे पर खुशी एवं सुकून साफ झलक रहा था. प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतीश कुमार द्वारा स्वयं लाभुकों को कंबल ओढ़ाकर ठंड से बचाव के प्रति जागरूक किया गया तथा उनके कुशलक्षेम की जानकारी भी ली गयी. बीडीओ ने बताया कि प्राप्त निर्देशिका के आलोक में प्रखंड अंतर्गत सभी योग्य एवं पात्र लाभुकों को कंबल वितरण का कार्य सुनिश्चित किया जा रहा हैं. शीतलहर को देखते हुए प्रखंड प्रशासन द्वारा निरंतर क्षेत्र भ्रमण कर जरूरतमंदों की पहचान की जा रही है, ताकि कोई भी गरीब, असहाय अथवा जरूरतमंद व्यक्ति इस सहायता से वंचित न रहे. उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है