5 जुलाई तक बांका में भारी बारिश का खतरा, किसानों के लिए जारी हुई बड़ी चेतावनी
Banka Weather Alert : बांका में 5 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी. किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.
बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Weather Alert: बांका जिले में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग और कृषि वैज्ञानिकों के ताजा पूर्वानुमान ने किसानों के साथ-साथ आम लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है. 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है. ऐसे में खेतों से लेकर सड़कों तक सतर्कता बरतने की जरूरत होगी.
कहीं राहत तो कहीं आफत बन सकती है बारिश
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र द्वारा जारी मध्यमावधि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बांका जिले में आगामी पांच दिनों तक मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा. इस दौरान जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून की सक्रियता के कारण बादलों की आवाजाही और गर्जन-तर्जन की घटनाओं में बढ़ोतरी होगी.
Banka Weather Alert: तापमान में गिरावट, लेकिन बढ़ेगी नमी और उमस
पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. सुबह के समय वातावरण में नमी 80 से 85 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है. दोपहर में यह घटकर 25 से 30 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी जतायी गयी है.
किसानों के लिए विशेष सलाह, जल निकासी पर दें ध्यान
मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी है ताकि लगातार बारिश की स्थिति में फसलों को नुकसान से बचाया जा सके. साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना के दौरान खेतों में काम नहीं करने की अपील की गयी है. कृषि कार्यों की योजना मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर बनाने की सलाह भी दी गयी है.
आम लोगों के लिए भी जरूरी है सतर्कता
बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गयी है. प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट पर नजर बनाए रखना आने वाले दिनों में बेहद जरूरी होगा.
ये भी पढ़ें : बिहार में आज से शुरू होगा हेवी रेन का दौर, इन 16 जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी
