बांका नवोदय विद्यालय में 11वीं कला संकाय की रिक्त सीटों पर नामांकन का मौका, 25 जून तक करें आवेदन

Navodaya Vidyalaya Admission 2026 : बांका जिले के मेधावी छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, शक्तिनगर चंदन डैम में 11वीं कला संकाय की रिक्त सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 60 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक पास छात्र-छात्राएं 25 जून तक आवेदन कर सकते हैं.

By AMIT KR SINHA | June 16, 2026 3:35 PM

बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, शक्तिनगर चंदन डैम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं कला संकाय की रिक्त सीटों पर नामांकन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि कुछ सीटें रिक्त रहने के कारण योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है. आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो चुकी है और 25 जून तक चलेगी. नामांकन की पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से संपन्न होगी.

25 जून तक निःशुल्क जमा कर सकते हैं आवेदन

विद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्र-छात्राएं 25 जून तक निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं. आवेदन पत्र विद्यालय से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त किया जा सकता है. इसके अलावा विद्यालय की वेबसाइट से भी आवेदन पत्र डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. भरे हुए आवेदन पत्र को निर्धारित तिथि तक विद्यालय कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा. समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.

बांका जिले के छात्र-छात्राओं को मिलेगा मौका

नामांकन के लिए केवल बांका जिले के निवासी छात्र-छात्राएं ही पात्र होंगे. अभ्यर्थी का सत्र 2025-26 में बांका जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य जिलों के विद्यार्थियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता निर्धारित

प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है. साथ ही उसकी जन्मतिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा आवेदक को कम-से-कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही नामांकन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.

मेरिट के आधार पर होगा चयन

प्रभारी प्राचार्य संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर उपलब्ध सीटों के अनुसार मेरिट सूची तैयार की जाएगी. मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का नामांकन किया जाएगा. चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न की जाएगी.

अभिभावकों और विद्यार्थियों से समय पर आवेदन की अपील

विद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है. प्राचार्य ने कहा कि यह मेधावी विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर है. इसलिए पात्र छात्र-छात्राएं अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.