बांका में सड़क व फुटपाथ पर कब्जा करनेवाले सावधान! शहर में जल्द चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Banka Encroachment Drive: बांका नगर परिषद ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है. माइकिंग के जरिये दुकानदारों और लोगों को पहले ही चेतावनी दी गयी है.

By AMIT KR SINHA | June 30, 2026 10:25 AM

बांका से विभांशु की रिपोर्ट

Banka Encroachment Drive: नगर परिषद क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि, सड़क, गली और नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जल्द ही विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा. अभियान शुरू होने से पहले नगर प्रशासन द्वारा माइकिंग कर लोगों को सूचित और जागरूक किया जा रहा है. प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों से स्वेच्छा से सार्वजनिक भूमि खाली करने की अपील की है.

कई प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण की समस्या

नगर परिषद क्षेत्र के कई प्रमुख इलाकों में वर्षों से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है. थाना गेट से जेल गेट, गांधी चौक, जमुआजोर पुल, शिवाजी चौक से आगे शास्त्री चौक तक तथा डोकनिया मार्केट से अलीगंज तक सड़क किनारे अतिक्रमण का बोलबाला है. वहीं गांधी चौक से विजयनगर चौक तक भी सड़क और नालों पर अतिक्रमण के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है.

Banka Encroachment Drive: फुटपाथ और नालों पर भी कब्जा

कई स्थानों पर फुटपाथ और नालों पर कब्जा होने से यातायात बाधित रहता है और बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या भी बढ़ जाती है. नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद अभियान चलाकर सार्वजनिक भूमि, सड़क और नालों से अवैध अतिक्रमण हटाया जायेगा. इस दौरान नियमों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी .

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना, यातायात व्यवस्था को सुगम करना, नालों की सफाई सुनिश्चित करना और बांका को स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है. प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग करने और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की है.

ये भी पढ़े : कटोरिया के राधानगर उपद्रव पर सख्त हुई पुलिस, आगजनी और तोड़फोड़ करने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी