भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत निकाली गयी जागरूकता रैली

भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत निकाली गयी जागरूकता रैली

By SHUBHASH BAIDYA | January 28, 2026 6:56 PM

छात्र-छात्राओं ने आपदा से बचाव के नारे लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बांका के निर्देश पर भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत मध्य विद्यालय विष्णुपुर कदराचक से आपदा से बचाव को लेकर जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली का नेतृत्व आपदा मास्टर ट्रेनर पुरुषोत्तम ने किया. विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा निकाली गयी जागरूकता रैली प्रतापपुर एवं करसड़ा गांव तक गयी. इस दौरान नारों के माध्यम से भूकंप, वज्रपात, बाढ़, बादल फटने सहित अन्य आपदाओं से बचाव की जानकारी दी गयी. छात्रों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपदा आने पर घबराएं नहीं और शांत रहें. मजबूत मेज जैसी वस्तु के नीचे छिपने, सिर को अच्छी तरह ढंकने, फर्नीचर को पकड़कर रखने तथा ऊंची इमारत से बाहर निकलने के लिए सीढ़ियों का उपयोग करने की सलाह दी गयी. बताया गया कि यदि बहुमंजिला इमारत, सिनेमा हॉल, मॉल या कार्यालय में हों तो झटका रुकने के बाद ही बाहर निकलें. यदि घर के बाहर हों तो इमारतों, बिजली के पोल से दूर रहें. वाहन चला रहे हों तो सड़क किनारे वाहन लगाकर बाहर निकलें. भारी वस्तुओं, शीशे के दरवाजे, खिड़की और बालकनी से दूर रहने तथा बाहर निकलने के लिए खिड़की या किसी ऊंचे स्थान से नहीं कूदने की जानकारी दी गयी. मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक निशा कुमारी सुमन, आपदा मित्र आदित्य कुमार, अवधेश कुमार, तुलसी कुमार सहित अन्य मौजूद थे.