TV और OTT की दुनिया में चमक रहा मंदार की धरती का आदित्य

Banka To Bollywood : सीमित संसाधन, आर्थिक तंगी और लगातार रिजेक्शन के बावजूद बांका के आदित्य आनंद ने हार नहीं मानी. बौंसी की मिट्टी से निकला यह युवा आज टीवी और OTT की दुनिया में अपनी दमदार एक्टिंग से नई पहचान बना चुका है. उनकी सफलता अब छोटे शहरों के युवाओं के लिए उम्मीद और प्रेरणा की मिसाल बन गई है.

By AMIT KR SINHA | May 27, 2026 3:03 PM

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : बिहार के बांका जिले के बौंसी क्षेत्र से निकलकर मायानगरी मुंबई तक का सफर तय करना आसान नहीं था. लेकिन अगर सपने बड़े हों और हौसले मजबूत, तो हर मुश्किल छोटी पड़ जाती है. यही कहानी है युवा अभिनेता आदित्य आनंद की, जिन्होंने संघर्ष, धैर्य और मेहनत के दम पर अभिनय जगत में अपनी खास पहचान बनाई है.

मंदार की पावन धरती से शुरू हुआ सफर

5 मई 1995 को मंदार पर्वत की पावन धरती पर जन्मे आदित्य आनंद एक साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता बादल तिवारी निजी शिक्षक हैं, जबकि माता पूनम तिवारी गृहिणी हैं. बड़े भाई रजनीश आनंद बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. आदित्य का बचपन बाराहाट प्रखंड के सबलपुर गांव में बीता, जहां से उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की.पढ़ाई में मेधावी आदित्य ने दुर्गापुर के बंगाल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से बीटेक की डिग्री हासिल की, लेकिन उनका मन हमेशा अभिनय की दुनिया में रमता था.

TV Actor से मिली प्रेरणा, बदल गई जिंदगी

वर्ष 2019 में टीवी अभिनेता विशाल आदित्य सिंह से प्रेरित होकर आदित्य ने अभिनेता बनने का सपना देखा. इसके बाद उन्होंने तय कर लिया कि अब जिंदगी अभिनय को ही समर्पित करनी है.मार्च 2022 में कोरोना काल के बाद वे अपने सपनों को लेकर पहली बार मुंबई पहुंचे. शुरुआती दौर बेहद कठिन रहा. आर्थिक परेशानियां, अकेलापन और लगातार रिजेक्शन ने उन्हें कई बार निराश किया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.

संघर्ष के बाद मिला पहला बड़ा ब्रेक

लगातार ऑडिशन और मेहनत के बाद वर्ष 2023 में दंगल चैनल के चर्चित धारावाहिक “बिंदिया सरकार” से आदित्य आनंद को अभिनय की दुनिया में पहला बड़ा मौका मिला. इसके बाद उनका सफर तेजी से आगे बढ़ता गया.आज आदित्य 25 से अधिक टीवी धारावाहिकों में अभिनय कर चुके हैं. उन्होंने माटी से बंधी डोर, मेरा बालम थानेदार और सीआईडी 2 जैसे चर्चित शोज में दमदार अभिनय कर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है.

छोटे शहरों के युवाओं के लिए प्रेरणा बने आदित्य

आदित्य आनंद की कहानी उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और गांवों से बड़े सपने देखते हैं. उनका संघर्ष यह साबित करता है कि अगर मेहनत ईमानदार हो और इरादे मजबूत हों, तो सफलता एक दिन जरूर कदम चूमती है.