ईद उल फितर भारत में कल या परसों—क्या है सही तारीख?

Eid 2026 Moon Sighting: ईद-उल-फितर 2026 भारत में 21 मार्च को मनाई जाएगी. यह त्योहार खुशी, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देता है, जिसकी शुरुआत नमाज और फितरा से होती है.

By Shaurya Punj | March 19, 2026 11:01 PM

Eid 2026 Moon Sighting: ईद-उल-फितर, जिसे मीठी ईद भी कहा जाता है, इस्लाम धर्म का एक अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहार है. यह रमजान के पवित्र महीने के समापन पर शव्वाल महीने के पहले दिन मनाया जाता है. यह दिन अल्लाह के प्रति आभार व्यक्त करने का होता है, जिन्होंने रोजा रखने और आत्मसंयम बनाए रखने की ताकत दी.

कब मनाई जाएगी ईद 2026?

भारत में इस साल शव्वाल का चांद नजर नहीं आया है. इसलिए देशभर में ईद-उल-फितर शनिवार, 21 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. मुसलमान 20 मार्च को रमजान का आखिरी रोजा रखेंगे.

ईद का महत्व और फितरा

ईद केवल खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि दान और सहानुभूति का भी प्रतीक है. ईद की नमाज से पहले हर सक्षम मुसलमान के लिए फितरा देना अनिवार्य माना गया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ईद के दिन भूखा न रहे और सभी लोग मिलकर त्योहार का आनंद उठा सकें.

नमाज से होती है दिन की शुरुआत

ईद के दिन सुबह की शुरुआत विशेष नमाज (ईद की नमाज) से होती है. लोग नए या साफ कपड़े पहनते हैं, मस्जिद या ईदगाह में इकट्ठा होकर नमाज अदा करते हैं और फिर एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहते हैं.

भाईचारे और प्रेम का संदेश

ईद का असली संदेश है—गिले-शिकवे भूलकर रिश्तों को मजबूत बनाना. यह दिन नफरत को मिटाकर दिलों में मोहब्बत बसाने का प्रतीक है. लोग मिठाइयां बांटते हैं, रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलते हैं और खुशियां साझा करते हैं.