नयी दिल्ली : राष्ट्रवाद के नाम पर हिंसा के खिलाफ अपने अभियान को लेकर भाजपा नेताओं के निशाने पर आई कारगिल शहीद की बेटी के बचाव में आज कई विपक्षी दल आ गए. कर्नाटक से भाजपा सांसद प्रताप सिन्हा ने गुरमेहर की तुलना वांछित माफिया सरगना दाउद इब्राहिम से की तो वहीं केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि उसका दिमाग ‘‘प्रदूषित’ है.
छात्रा की फेसबुक वॉल पर एक शख्स ने उसका दुष्कर्म करने की धमकी भी दी. कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘किसी शख्स की सोच आपको पसंद नहीं आ सकती है लेकिन…ऐसे लोगों से विवेकहीन धमकियां और सोशल साइट पर पीछा किया जाना जिन्हें भारत के प्रधानमंत्री फॉलो करते हैं. ये राज्य द्वारा खौफ और लोकतांत्रिक देशों के काम का सबसे बुरा रुप है.’ दिल्ली विश्वविद्यालय की 24 वर्षीय छात्रा गुरमेहर का अभिव्यक्ति की आजादी और राष्ट्रवाद के नाम पर हिंसा की निंदा को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू किया गया अभियान काफी पसंद किया गया. उसने युवाओं का ध्यान खींचा और उसे भारी समर्थन भी मिला.
