नयी दिल्ली : ई-कॉमर्स बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भारतीय डाक ने अपनी पार्सल रखरखाव की क्षमता बढाने के लिए अगले पांच साल में 322 करोड रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है. पार्सल सेवा के जरिए उसे 1,608 करोड रुपये की आय होने का अनुमान है. डाक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ई-कॉमर्स बाजार में वृद्धि की मौजूदा गति को देखते हुए भारतीय डाक निकट भविष्य में प्रतिमाह 40 लाख पार्सल संभाल रहा होगा और इसके मुताबिक, उसकी क्षमता बढाए जाने की जरुरत है.
उसने कहा, ‘‘ विभाग ने पार्सल रखरखाव क्षमता बढाने के लिए 2016-17 से 2019-20 तक 322 करोड रुपये का निवेश करने का प्रस्ताव किया है.” त्वरित एवं सुरक्षित प्रोसेसिंग सुनिश्चित करने के लिए भारतीय डाक केंद्रों को आधुनिक उपकरणों, कनवेयर बेल्ट व सुरक्षा प्रणाली से लैस किया जाएगा.
