नयी दिल्ली : दिल्ली में आम आदमी पार्टी की अरविंद केजरीवाल सरकार और उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच टकराव और बढने के आसार हैं. उपराज्यपाल नजीब जंग की ओर से नियुक्त भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के प्रमुख एमके मीणा ने सात इंस्पेक्टरों को कार्यालय में बने रहने को कहा है. मालूम हो कि दिल्ली सरकार ने इन्हें सतर्कता विभाग को लौटा दिया था.
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के प्रमुख एमके मीणा ने इन इंस्पेक्टरोंे से कहा कि उनके ट्रांसफर आर्डर पर अबतक उप राज्यपाल ने हस्ताक्षर नहीं किया है. ऐसे में वे अपने मौजूदा पद पर बने रहें. इन इंस्पेक्टरों के नाम हैं : ब्रज मोहन, कुमारकांत मिश्र, राजकुमार, विवेकानंद झा, रिचपाल सिंह मीणा, राजेंद्र प्रसाद व पूरन चंद.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त स्थानांतरण आदेश पर उप सचिव (सतर्कता) राजेश तिवारी ने 24 जुलाई को हस्ताक्षर किया था, जो उसके बाद अबतक प्रक्रियाधीन ही है. मीणा ने अधिकारियों को बताया है कि कर्मचारियों की कमी है और ऐसे में इंस्पेक्टरों को फिलहाल भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में ही बने रहना चाहिए. उल्लेखनीय है कि इन सात इंस्पेक्टरों को पूर्व एसीबी चीफ एसएस यादव के अनुरोध पर जून के आरंभ में एसीबी में ट्रांसफर किया गया था.