देश के ज्यादातर प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में फ्रेंच, जर्मन, इटैलियन, चाइनीज, जैपनीज आदि भाषाओं में कोर्स उपलब्ध हैं. इन कोर्स में दाखिले के लिए छात्र काफी जद्दोजहद भी करते हैं. इन भाषाओं को चुनने के बाद कैसा होगा आपका सफर और कैसे होते हैं ये कोर्स, इनसे जुड़ी जानकारियों के लिए पढ़ें अवसर का यह अंक..
समाज में जब इंसान पहली बार एक-दूसरे के संपर्क में आया होगा, तो शायद भाषा ने ही एहसास दिलाया होगा कि कौन, क्या है, क्यों है और कैसे है? विकास क्रम मेंभाषाएं ही संचार का माध्यम रही हैं.
जीवन के उद्देश्यों को समझने के लिए भाषा ईश्वर द्वारा दी गयी एक अद्वितीय क्षमता है. सोचिए, यदि भाषा न होती तो लेखक, कवि, दार्शनिक, वैज्ञानिक जैसे शब्द हमारे सामने होते? इनके बिना हम कैसे समाज की कल्पना कर सकते हैं. एक भाषा हमारी जिंदगी के विभिन्न पड़ावों से होते हुए समृद्ध होती है, जिसे हम मातृ भाषा कहते हैं.
दूसरी भाषा जिसे हम आवश्यकता अनुसार सीखते हैं, जो काबिलियत की मापक होती है, जिससे हम दुनिया को एक अलग नजरिये से देखने की योग्यता हासिल करते हैं.
दरअसल, बदलते वक्त ने हर किसी को यह एहसास करा दिया है कि सबसे पहले दुनिया को जानना जरूरी है. भाषा ही हमें यह बता सकती है कि किसी समाज की संरचना, सभ्यता, जन जीवन, शिक्षा कैसी है.
अंगरेजी भाषा की व्यापकता इसी का परिणाम है. अब अन्य विदेशी भाषाएं भी केवल ज्ञानाजर्न और जिज्ञासा का विषय नहीं रह गयी हैं, बल्कि इन भाषाओं में कैरियर की असीम संभावनाएं भी हैं. यूरोपीय भाषाओं में दुनियाभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कोर्स उपलब्ध हैं.
कुछ महत्वपूर्ण विदेशी भाषाएं
फ्रेंच : यूरोप की सबसे प्रचलित भाषाओं में फ्रेंच भाषा का अहम स्थान है. अंगरेजी के बाद फ्रेंच बोलने और सीखनेवालों की संख्या सबसे अधिक है. एक अनुमान के मुताबिक, तकरीबन 175 मिलियन लोग फ्रेंच भाषा का ज्ञान रखते हैं.
जर्मन : अंगरेजी और फ्रेंच के बाद जर्मन तीसरे नंबर की सबसे महत्वपूर्ण भाषा मानी जाती है. टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी, कम्युनिकेशन के अलावा साइंस और रिसर्च के क्षेत्र में इस भाषा के लिए अपार संभावनाएं हैं.
स्पेनिश : मध्य व दक्षिण अमेरिका के साथ स्पेन, क्यूबा और यूनाइटेड स्टेट सहित लगभग 20 देशों में स्पेनिश भाषा का ज्ञान रखनेवाले लोग हैं. इस भाषा के लिए देश-विदेश में कई कैरियर विकल्प हैं.
जैपनीज : दुनिया में जापान को टेक्नो-इकोनॉमिक पावर के रूप में जाना जाता है. जैपनीज भाषा में विशेषज्ञता रखनेवाले लोगों के लिए विभिन्न एमएनसी में बेशुमार मौके हैं.