एटा: जिले में आज ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रालियों की भीषण टक्कर में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी तथा 30 से ज्यादा अन्य घायल हो गये. मृतकों में पांच बच्चे और 12 महिलाएं हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक आर. पी. गुप्ता ने यहां बताया कि मलावन थाना क्षेत्र के पुरा गांव में भागवत पूजा का कार्यक्रम चल रहा था. रस्म निभाने के लिये दो ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार होकर लोग थोडी दूर पर स्थित नहर से कलश में पानी भरने जा रहे थे.
उन्होंने बताया कि रास्ते में हरचन्दपुर गांव के पास मैनपुरी मार्ग पर एक ट्रक ने पीछे वाली ट्रैक्टर-ट्राली को जबर्दस्त टक्कर मार दी जिससे वह आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राली पर चढ गयी और वे दोनों ही पलट गयीं. इस हादसे में पांच बच्चों तथा 12 महिलाओं समेत 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी.
गुप्ता ने बताया कि दुर्घटना में करीब 30 लोग घायल हुए हैं जिन्हें, एटा, अलीगढ तथा आगरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इस घटना के विरोध में हरचन्दपुर गांव के पास लोगों ने मार्ग जाम कर दिया और पुलिस तथा प्रशासनिक अमले पर पथराव किया. उधर से गुजरने वाली गाडियों पर भी पथराव किया गया. इन पंक्तियों के लिखे जाने तक यह गतिरोध जारी था.
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया है. उन्होंने जख्मी लोगों के मुफ्त इलाज के निर्देश भी दिये हैं.