नयी दिल्ली : राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले किसान गजेंद्र सिंह द्वारा बुधवार को राजधानी के जंतर मंतर पर आम आदमी पार्टी की रैली में आत्महत्या किये जाने के मामले में आज लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बयान दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में कहा कि किसानों की आत्महत्या पूरे देश के लिए चिंता का विषय रही है. समय समय पर हर सरकार ने जो भी संभव हुआ, करती रही. उन्होंने कहा कि सदन ने इस पर अपनी पीडा व्यक्त की है और मैं उसमें सहभागी होता हूं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह समस्या बडी पुरानी व व्यापक है. हम उसे उसी रूप में लेते हैं और जो भी अच्छे सुझाव हैं, उसे लेकर चलेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसान की जिंदगी, इनसान की जिंदगी से बडी कोई चीज नहीं है. प्रधानमंत्री ने कहा कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस संबंध में पूरी जानकारी सदन के सामने रखी है. उन्होंने कहा कि पहले क्या कमी रह गयी है, पिछले दस दिनों में क्या कमी रह गयी है, उसे बतायें और उसका रास्ता खोजना होगा. उन्होंने कहा कि हम अपने किसानों को असहाय नहीं छोड सकते हैं. उन्होंने कहा कि सदन की चर्चा में सामूहिक संकल्प उभर कर सामने आया है.
