मुंबई : यमन से निकाले गये 334 भारतीय नागरिकों को लेकर भारतीय वायुसेना के दो विमान आज यहां पहुंचे. हिंसा प्रभावित यमन से अब तक कुल 692 भारतीयों को भारत वापस लाया गया है.
एक रक्षा सूत्र ने बताया, 155 भारतीयों को लेकर भारतीय वायुसेना का विमान रात 11:30 बजे उतरा वहीं एक और विमान 10 मिनट बाद उतरा जिसमें 179 भारतीय सवार थे. उन्होंने बताया कि अब तक यमन से चार विमान भारत आ चुके हैं. वायुसेना के दो विमानों से कल 358 भारतीयों को यहां लाया गया था. यमन में सउदी नीत गठबंधन और शिया विद्रोहियों के बीच भयावह संघर्ष चल रहा है.
*यमन से 330 भारतीयों के साथ एयर इंडिया का विमान कोच्चि पहुंचा
संघर्ष प्रभावित यमन से सुरक्षित निकाले गये 330 भारतीय एयर इंडिया के एक विशेष विमान से शुक्रवार रात यहां पहुंचे. केरल के प्रवासी भारतीय मंत्री के सी जोसफ ने बताया, 330 यात्रियों को लेकर विमान यहां उतरा है.
विमान शुक्रवार देर रात 12:30 बजे के आसपास पहुंचा. यमन से पहुंचे भारतीयों का स्वागत करने के लिए प्रदेश सरकार के अनेक अधिकारियों के साथ जोसफ हवाईअड्डे पर मौजूद थे. यहां पहुंचने वाले लोगों में नर्स और श्रमिक भी शामिल हैं. ये लोग उन करीब 650 भारतीयों में से हैं जिन्हें शुक्रवार दिन में सना से जिबूती लाया गया था.
