मुंबई: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बॉलीवुड के महानायक बिग बी के बीच रिश्ते और मजबूत होते जा रहे हैं. गुजरात में पर्यटन बढ़ाने के बाद अमिताभ बच्चन अब देश को साफ करने के अभियान में जुड़ रहे हैं. स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने के बाद अमिताभ ने कहा, बहुत गर्व महसूस हो रहा है. 71 वर्षीय अभिनेता का स्वच्छ भारत के अभियान से जुड़ने को कई दूसरे नजरिये से भी देखा जा रहा है. राजनीतिक लोगों से अमिताभ बच्चन का पुराना रिश्ता रहा है. एक बार राजनीति में कदम रखने के बाद उन्होंने इस क्षेत्र में अपना कदम नहीं रखा, लेकिन राजनीतिज्ञों से संबंध कम खत्म नहीं हुए. उनका पालन पोषण ही परिवारिक मित्र पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की छाया में हुआ. राजीव गांधी, तो उनके बचपन के मित्र ही थे. नरेंद्र मोदी भी कई बार गुजरात पर्यटन के लिए अमिताभ को श्रेय दे चुके है. उन्होंने इसका भी जिक्र किया था कि अमिताभ ने गुजरात पर्यटन के लिए कोई पैसे नहीं लिया.