मुंबई : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा-शिवसेना के बीच सीट बटवारे को लेकर गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों दलों ने अभी तक सीटों को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है. भाजपा ने शिवसेना को नया फॉर्मूला पेश किया है, जिसमें शिवसेना को 151 सीटों की पेशकश की गयी है.
इधर भाजपा-शिवसेना के बीच जारी गतिरोध के बीच घटक दलों ने भाजपा के साथ बैठक की है. बैठक खत्म होने के बाद घटक दलों ने भाजपा और शिवसेना को चेतावनी दी है. छोटे दलों ने दोनों पार्टियों को आज रात तक का समय दिया है. आज रात तक अगर भाजपा-शिवसेना के बीच सीटों का बटवारा नहीं किया जाता है तो वह कल से नामांकन के लिए जाएंगे.
* आरपीआइ ने शिवसेना और भाजपा को कल दोपहर तक का अल्टीमेटम दिया
रामदास अठावले के नेतृत्व वाली आरपीआइ ने शिवसेना और भाजपा को कल दोपहर तक का अल्टीमेटम दिया है कि वह महायुति की छोटी पार्टी को कम से कम 18 सीटें दें. आरपीआइ का कहना है कि यदि गठबंधन के भगवा सहयोगी उसकी मांग पूरी नहीं करते हैं तो वह इसमें बने रहने पर पुनर्विचार कर सकता है.
भाजपा नेतृत्व के साथ मुंबई में हुई बैठक से इतर आरपीआइ (ए) के वरिष्ठ नेता अर्जुन दांगले ने संवाददाताओं से कहा, हमने आज भाजपा और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं से भेंट की और पार्टी का रुख स्पष्ट किया कि गठबंधन के छोटे सहयोगियों को चुनाव लड़ने के लिए कम से कम 18 सीटें मिलनी ही चाहिए. यदि वह ऐसा करने में असफल रहते हैं तो हमें अपना रास्ता अलग करने पर विचार करना होगा. दांगले ने कहा कि उनकी पार्टी इस संबंध में कोई भी अंतिम फैसला करने से पहले कल दोपहर तक का इंतजार करेगी.
महाराष्ट्र में इस बार का चुनाव महत्वपूर्ण होने जा रहा है. कई वर्षों से चली आ रही गंठबंधन टूटने के कगार पर है. भाजपा-शिवसेना के बीच जहां अभी तक सीटों का बटवारा नहीं हो सका है, वहीं कांग्रेस-एनसीपी के बीच भी गतिरोध कायम है. अब इन दलों के बीच छोटे दलों ने भी अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है.
* कम सीटें दिये जाने से घटक दल नाराज
भाजपा और शिवसेना के बीच गंठगंधन पर अब भी संशय जारी है. दूसरी ओर अब छोटे दलों ने दोनों बड़े दलों के खिलाफ मोरचा खोल दिया है. छोटे दल कम सीटे दिये जाने से नाराजगी जाहिर की है. घटक दलों ने आज इसी को लेकर भाजपा के साथ बैठक की. बैठक में छोटे दलों ने भाजपा और शिवसेना को आज रात तक का समय दिया है. आज रात तक अगर भाजपा-शिवसेना सीटों का बटवारा कर लेती है तो ठीक वरना कल से नामांकन कराने का फैसला लिया है.
