नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सरकार की महत्वकांक्षी जन-धन योजना का गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में औपचारिक शुभारंभ करेंगे. इसका उद्देशय बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर तक पंहुचाना है. इसके साथ ही गुरुवार को राज्यों की राजधानियों एवं केंद्र शासित क्षेत्रों तथा देश के प्रमुख केंद्रों और सभी जिला मुख्यालयों में इस योजना के शुभारंभ के लिए समारोहों का आयोजन किया जायेगा.
इस योजना के आगाज के मौके पर देश भर में प्रमुख स्थलों पर तकरीबन 76 ऐसे समारोह आयोजित होंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे. इस मेगा योजना के शुभारंभ के अवसर पर सार्वजनिक बैंकों की विभिन्न शाखाएं उसी दिन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 60 हजार से भी ज्यादा शिविरों का आयोजन करेंगी.
