नयी दिल्ली/लखनऊः महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस ने देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसी बहाने भाजपा पर निशाना साधा. लखनऊ में आयोजित ‘मौन यात्रा’ में कहा कि भाजपा को पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मार्ग पर चलना चाहिये बाद में उनके बारे में बात करना चाहिए.
प्रियंका ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ करीब तीन किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा की. उप्र विधानसभा द्वारा बुलाए गए 36 घंटे के विशेष सत्र का कांग्रेस समेत संपूर्ण विपक्ष ने बहिष्कार किया है. प्रियंका ने यात्रा शुरू होने से पहले पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस महिलाओं के हक में आवाज उठाती रहेगी. दरअसल, वह उन्नाव और शाहजहांपुर यौन शोषण मामले की पीड़िताओं के समर्थन में भी लखनऊ की सड़कों पर उतरी हैं.
