भुवनेश्वर: ओड़िशा के संबलपुर जिले के रहने वाले ट्रक ड्राइवर अशोक जादव का नये मोटर वाहन अधिनियम के तहत अब तक का सबसे बड़ा चालान काटा गया है. उसे 86,500 रुपये का जुर्माना भरने को कहा गया है. उसने पिछले हफ्ते कई सारे यातायात नियमों का उल्लंघन किया था.
संबलपुर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ललित मोहन बेहरा का कहना है कि जादव को एक अनधिकृत व्यक्ति को ड्राइविंग करने की अनुमति देने (5,000 रुपये), बिना लाइसेंस के ड्राइविंग (5,000 रुपये), 18 टन की अधिकता के साथ ओवरलोडिंग (56,000 रुपये), गलत तरह से सामान रखने (20,000 रुपये) और सामान्य अपराध (500 रुपये) करने पर दंडित किया गया है.
हालांकि, जुर्माने के विरुद्ध ड्राइवर ने पांच घंटे तक बातचीत करने के बाद 70,000 रुपये का भुगतान किया है. ये ट्रक नागालैंड स्थित कंपनी बीएलए इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड का है, जिस पर जेसीबी मशीन लदी थी.
