नयी दिल्ली/कोलकाताः नेतृत्व संकट से जुझ रहे कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष चुनने के लिए हलचल तेज हो गयी है. पार्टी ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों से नये अध्यक्ष के नाम को लेकर राय मांगी है. संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सीडब्ल्यूसी के सदस्यों और पार्टी के सभी महासचिवों से कहा है कि वे चार-चार नाम बंद लिफाफे में पार्टी को दें.
नेताओं ने इस नये फॉर्मूले के तहत नाम भेजने शुरू कर दिये हैं. जैसे ही सबके नाम पहुंच जायेंगे, वेणुगोपाल सदस्यों द्वारा दिये गये नामों में से सबसे लोकप्रिय चार नामों पर सीडब्ल्यूसी के सदस्य चर्चा करेंगे. दरअसल, सीनियर और युवा नेता दो बार बैठक कर चुके हैं, ताकि किसी नाम पर सहमति बन सके, लेकिन दोनों ही बैठकें नाकाम रही है. सोनिया और राहुल गांधी पहले ही साफ कर चुके हैं कि गांधी परिवार से कोई भी व्यक्ति पार्टी अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया में शामिल नहीं होगा.
