वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली से काशी के बीच चल रही देश में निर्मित पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन ‘वन्दे भारत एक्सप्रेस’ का मजाक उडाना दु:खद है . मोदी ने यहां वाराणसी के लिए 3000 करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के बाद कहा, ”दिल्ली से काशी के बीच चल रही देश में बनी पहली सेमी-हाईस्पीड ट्रेन ‘वंदे-भारत एक्सप्रेस’ को कुछ लोगों द्वारा जिस तरह निशाना बनाया जा रहा है, उसका मजाक उड़ाया जा रहा है, वह बहुत दुखद है .
” उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की सूरत और सीरत बदलने वाले अनेक कदम बीते साढे चार वर्ष में उठाये गये हैं और दिल्ली से काशी के बीच चल रही देश में बनी पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वन्दे भारत एक्सप्रेस इसका एक और बहुत बड़ा उदाहरण है . मोदी ने कहा, ”इतने दशकों बाद ही सही, भारत को एक विश्वस्तरीय ट्रेन मिली है लेकिन इस ट्रेन को कुछ लोगों द्वारा जिस तरह निशाना बनाया जा रहा है, यह बहुत दु:खद है .” उन्होंने कहा कि भारत का मजाक उड़ाने की मानसिकता वाले ऐसे लोगों से देश के हर नागरिकों को सतर्क रहना आवश्यक है . उन्होंने कहा, ”हमें वन्दे भारत ट्रेन बनाने वाले इंजीनियरों पर गर्व है… इंजीनियरों और टेक्नीशियनों को अपमानित करना उचित नहीं है .
