निजामाबाद : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार से जारी आतंकवाद को नहीं रोकता तब तक उसके साथ बातचीत करना व्यर्थ है. तेलंगाना दिवस समारोह के दौरान एक जनसभा में राजनाथ ने कहा कि भारत की नीति पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध रखने की है.
उन्होंने कहा, कुछ लोग सुझाव देते हैं कि हमें पाकिस्तान से वार्ता करनी चाहिए. मैं कहना चाहूंगा कि हम किसी से भी बात करने को तैयार हैं. लेकिन पाकिस्तान इस चीज को समझने में असमर्थ है कि जब तक वह सीमा पार से जारी आतंकवाद के जरिए भारत को अस्थिर और कमजोर करने के प्रयास बंद नहीं करता तब तक उसके साथ बातचीत करने का कोई मतलब नहीं है. वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री के रुप में नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान सहित सभी पड़ोसी देशों के प्रधानमंत्रियों को आमंत्रित किए जाने का भी राजनाथ ने उल्लेख किया.
