Madhubani News : एनएसएस के स्वयंसेवकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत गुरुवार को आरएन कॉलेज पंडौल में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया.

By GAJENDRA KUMAR | September 25, 2025 10:57 PM

मधुबनी. स्वच्छता पखवाड़ा के तहत गुरुवार को आरएन कॉलेज पंडौल में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया. इस दौरान कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं ने सफाई अभियान चलाया. महाविद्यालय के वर्ग कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष, पुस्तकालय आदि जगहों की सफाई की गई. इस अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सफाई का संकल्प लिया और आस-पास को स्वच्छ रखने की लोगों से भी अपील की. मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए घर, आस-पड़ोस, नाली, गलियों, सड़कों को साफ रखना हमारी जिम्मेदारी और प्राथमिकता है. यह भी राष्ट्र सेवा का अहम हिस्सा है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी अपने कार्यों से यह संदेश देशवासियों तक पहुंचाया था कि जैसे अपने शरीर अपने घर और अपने वस्त्र की साफ सफाई में हम शर्म महसूस नहीं करते वैसे ही सार्वजनिक जगहों पर भी साफ सफाई करने में शर्म महसूस नहीं करना चाहिए. स्वच्छता को अपनाकर हम देश में बीमारी की दर में कमी ला सकते हैं. 80 प्रतिशत बीमारियां गंदगी की वजह से ही होती है. एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. लक्ष्मी कुमारी ने कहा कि स्वच्छता को अपनाकर धरती को स्वर्ग बना सकते हैं. स्वच्छ परिवेश में स्वच्छ मन का विकास होता है. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में डॉ. गिरजेश सिंह, डॉ. सोहन दास, डॉ. आफताब आलम, डॉ. श्याम मूर्ति भारती, डॉ. दिलीप कुमार पासवान एवं कॉलेज के कर्मचारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है