चाय के साथ बनाएं मसाला चीज अप्पे, ट्राई करें शेफ कुणाल कपूर की रेसिपी

Masala Cheese Appe: अगर आप भी झटपट से अप्पे तैयार करना चाहते हैं तो शेफ कुणाल कपूर की मसाला चीज अप्पे की रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. शेफ कुणाल कपूर ने मसाला चीज अप्पे की रेसिपी इंस्टाग्राम अकाउंट @chefkunal पर शेयर की है.

By Sweta Vaidya | March 11, 2026 7:48 AM

Masala Cheese Appe: अगर आपको भी किचन में नई-नई डिश बनाकर एक्सपेरिमेंट करने का शौक है, तो मसाला चीज अप्पे आपके लिए एक बेहतरीन रेसिपी हो सकती है. ये स्वादिष्ट स्नैक्स बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होता है. इसमें डाले गए मसालों और चीज का फ्लेवर इसे और भी खास बना देता है. मसाला चीज अप्पे को आप चटनी या सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं. 

मसाला चीज अप्पे बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?

  • सूजी- 1 कप
  • दही- तीन चौथाई कप
  • नमक- 1 चम्मच (स्वादानुसार)
  • पानी- 1 कप
  • काली मिर्च- 15 दाने
  • तेल- 2 बड़े चम्मच
  • सूखी लाल मिर्च- 2
  • हींग- आधा चम्मच
  • राई- 1 चम्मच
  • जीरा- 1 चम्मच
  • चना दाल- 2 चम्मच
  • उड़द दाल- 1 चम्मच
  • अदरक, कटा हुआ- 2 चम्मच
  • हरी मिर्च, कटी हुई- 2
  • करी पत्ता- 1 टहनी
  • गाजर, कद्दूकस की हुई- आधा कप
  • प्याज, बारीक कटा हुआ- आधा कप
  • धनिया पत्ती- बारीक कटी हुई
  • बेकिंग पाउडर- 1 चम्मच
  • तेल- जरूरत के अनुसार
  • चीज क्यूब्स- जरूरत के अनुसार

मसाला चीज अप्पे को कैसे तैयार करें?

  • मसाला चीज अप्पे बनाने के लिए सबसे पहले आप एक बर्तन में सूजी, दही, नमक और पानी मिलाकर बैटर तैयार कर लें. इसे 10 से 15 मिनट के लिए रख दें जिससे कि सूजी अच्छी तरह नरम हो जाए. 
  • अब आप काली मिर्च को दरदरा कूट लें. 
  • एक पैन में 2 बड़े चम्मच तेल गर्म करें. इसमें सूखी लाल मिर्च और हींग को डालकर भूनें. इसके बाद इसमें राई और जीरा को डाल दें. फिर चना दाल और उड़द दाल डालें. 
  • अब आप इसमें बारीक कटी हुई अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ता डालें. तैयार तड़का को आप सूजी और दही के मिश्रण में डाल दें. इसमें कद्दूकस की हुई गाजर और कटा हुआ प्याज डालकर मिला दें. 
  • मिश्रण में बारीक कटी हुई धनिया पत्ती और कुटी हुई काली मिर्च मिला दें. अब आप इसमें बेकिंग पाउडर या बेकिंग सोडा डालकर मिला लें.
  • अप्पे पैन को गर्म करें और हर गड्ढे में हल्का तेल छिड़कें. बैटर डालें, बीच में चीज के छोटे टुकड़ों को रखें और ढककर पका लें. एक तरफ से पक जाने के बाद इसे पलट दें. दोनों तरफ से अप्पे को सुनहरे और क्रिस्पी होने तक पका लें. 
  • इस तरह से आप आसानी से मसाला चीज अप्पे तैयार कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें- Murmura Upma Recipe: घर पर मिनटों में बनाएं स्पेशल मुरमुरा उपमा, इस तरीके से करें तैयार

यह भी पढ़ें: Rajma Recipe: आलू की सब्जी खा-खाकर हो गए हैं परेशान, तो आज ही घर पर बनाएं लाजवाब राजमा