हरी मूंग से सिर्फ चीला नहीं, बनाएं ये टेस्टी अप्पे

Green Moong Appe: कम तेल का इस्तेमाल करके आप भी स्वादिष्ट डिश बनाने का सोच रहे हैं तो अप्पे को ट्राई कर सकते हैं. इस आर्टिकल में आप हरी मूंग से अप्पे बनाने के बारे में जान सकते हैं.

By Sweta Vaidya | February 14, 2026 9:44 AM

Green Moong Appe: अगर आप भी रोज यही सोचते-सोचते परेशान हो जाते हैं कि सुबह के नाश्ते में, बच्चों के टिफिन के लिए या फिर शाम की चाय के साथ आखिर क्या टेस्टी बनाया जाए तो हरी मूंग से अप्पे बना सकते हैं. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये अप्पे आसानी से तैयार हो जाते हैं. गरमा-गरम हरी मूंग के अप्पे को आप चटनी या सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं. आइए जानते हैं हरी मूंग के अप्पे को बनाने का तरीका. 

अप्पे बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?

  • हरी मूंग- 1 कप 
  • सूजी- 2 बड़े चम्मच 
  • प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
  • हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
  • अदरक- 1 छोटा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरा धनिया- 2-3 चम्मच बारीक कटी
  • हल्दी पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • शिमला मिर्च- 1 बारीक कटी हुई
  • गाजर- 1 बारीक कटा हुआ 
  • टमाटर- 1 बारीक कटा हुआ 
  • नमक- स्वादानुसार 
  • हींग- चुटकी भर
  • बेकिंग सोडा- आधा छोटा चम्मच
  • तेल- जरूरत के अनुसार 
  • पानी- जरूरत के अनुसार 

अप्पे को कैसे तैयार करें?

  • अप्पे बनाने के लिए सबसे पहले आप हरी मूंग को अच्छे से धो लें. इसके बाद आप इसे पानी में डालकर 5-6 घंटे के लिए भिगो दें. आप हरी मूंग को रातभर पानी में भिगोकर भी रख सकते हैं. 
  • अब पानी को छान लें. मिक्सी में हरी मूंग को डाल दें और जरूरत के अनुसार पानी डालकर पीस लें. इस बात का ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो. इसे आप एक बर्तन में निकाल लें. 
  • अब पिसी हुई हरी मूंग में आप प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ती, शिमला मिर्च और गाजर को डाल दें. इसके बाद आप हल्दी, हींग और नमक डालकर अच्छे से मिला लें. सूजी मिलाकर 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. 
  • अप्पे बनाने से ठीक पहले बैटर में बेकिंग सोडा डालकर मिला लें. 
  • अप्पे पैन को गर्म करें और हर सांचे में थोड़ा सा तेल डाल दें. अब चम्मच से बैटर भर दें. ढककर पर पका लें. एक तरफ से पक जाने के बाद पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंक लें.
  • तैयार अप्पे को प्लेट में निकालकर सर्व करें. 

यह भी पढ़ें- Besan Papdi Recipe: घर पर तैयार करें शानदार नमकीन, बनाएं कुरकुरी और मसालेदार बेसन पापड़ी 

यह भी पढ़ें- Mattha Aloo Recipe: झटपट बनाएं टेस्टी मट्ठे के आलू, हर निवाले में पाएं लाजवाब स्वाद