नयी दिल्लीः दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 का परिणाम अब सामने है. आम आदमी पार्टी(आप) ने एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर कब्जा बरकरार रखा. भाजपा का हाल 2015 के मुकाबले थोड़ा ठीक रहा. सीटों का आंकड़ा तीन से आठ पर पहुंचा. लेकिन कांग्रेस की स्थिति वही. शून्य का शून्य. पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में 15 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में नाकाम रही.
कांग्रेस का न 2015 में खाता खुला और ना ही 2020 में. इस बार तो मत प्रतिशत का भी नुकसान हुआ. इस चुनाव में शून्य पर सिमटने वाली दिल्ली कांग्रेस में हड़कंप मचा हुआ है. जहां अंदर से विरोध के साथ बदलाव की आवाजें आने लगी हैं, वहीं दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इनके साथ ही दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने भी इस्तीफा दे दिया.
