2026 Renault Kwid पुराने मॉडल से कितनी अलग है? डिजाइन से लेकर कीमत तक जानें सबकुछ
2026 Renault Kwid को छोटे-मोटे अपडेट्स के साथ पेश किया गया है. कार में डिजाइन और ब्रांडिंग से जुड़े बदलाव किए गए हैं. वहीं इंजन और फीचर्स पहले जैसे ही रखे गए हैं. अच्छी बात यह है कि अब इसकी शुरुआती कीमत पहले से कम हो गई है.
Renault ने अपनी एंट्री-लेवल हैचबैक Kwid को 2019 में बड़ा फेसलिफ्ट दिया था. इसके बाद 2022 में इसमें कुछ कॉस्मेटिक बदलाव और नए कलर ऑप्शन जोड़े गए. अब कंपनी ने 2026 Renault Kwid को एक और लाइफसाइकल अपडेट के साथ पेश कर दिया है. हालांकि इस बार बदलाव बड़े नहीं हैं, लेकिन कार को पहले से थोड़ा ज्यादा फ्रेश लुक देने की कोशिश की गई है. तो आइए जानते हैं कि नई 2026 Renault Kwid में पुराने मॉडल के मुकाबले क्या-क्या नया देखने को मिलता है.
एक्सटीरियर डिजाइन
कंपनी ने इसके ओवरऑल डिजाइन को लगभग पहले जैसा ही रखा है. फ्रंट में वही स्लिम LED DRLs, बंपर में इंटीग्रेटेड बड़े हेडलैंप्स और फॉक्स फ्रंट डिफ्यूजर देखने को मिलता है. हालांकि, एक बदलाव जो तुरंत नजर आता है, वह है Renault का नया लोगो.
साइड प्रोफाइल की बात करें तो यहां इसे थोड़ा फ्रेश बनाने के लिए नए टू-टोन व्हील कवर दिए गए हैं. इन पर भी Renault का नया लोगो देखने को मिलता है. इसके अलावा रूफ बार्स, टॉप वेरिएंट में मिलने वाली ‘Climber’ बैजिंग और ब्लैक बॉडी क्लैडिंग जैसी खूबियां पहले की तरह मौजूद हैं.
रियर प्रोफाइल में भी बदलाव बेहद मामूली हैं. यहां नया Renault लोगो और टेलगेट पर नई ‘Kwid’ बैजिंग देखने को मिलती है. बाकी टेललाइट्स, स्टैटिक रिफ्लेक्टर्स और रियर बंपर का डिजाइन पहले वाले मॉडल जैसा ही रखा गया है.
यह भी पढ़ें: Tata Sierra EV या Hyundai Creta Electric? जानिए किस SUV पर पैसा लगाना रहेगा फायदे का सौदा
इंटीरियर डिजाइन
नई 2026 Renault Kwid के केबिन में स्टीयरिंग व्हील पर बदलाव देखने को मिलता है. अब इसमें Renault का लेटेस्ट लोगो मिलता है. हालांकि, इसके अलावा केबिन में ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं. यानी आपको पहले की तरह ही 8.0-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. साथ ही Apple CarPlay और Android Auto कनेक्टिविटी, मोनोक्रोम डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, मैनुअल AC कंट्रोल्स और डैशबोर्ड पर मौजूद बाकी बटन भी पहले जैसे ही हैं.
सीटों पर मिलने वाली ग्रे अपहोल्स्ट्री के साथ येलो हाइलाइट्स भी पहले जैसी ही हैं, जो केबिन को स्पोर्टी टच देती हैं. अगर बात करें प्रैक्टिकैलिटी की, तो यहां भी सब कुछ लगभग पहले जैसा ही है. स्टोरेज स्पेस में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. वहीं सामान रखने के लिए मिलने वाला 279 लीटर का बूट स्पेस भी पहले की तरह बरकरार रखा गया है.
इंजन और गियरबॉक्स
2026 Renault Kwid के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें पहले की तरह ही 1.0-लीटर का 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 69hp की पावर और 92.5Nm का टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन के लिए आपको 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT (ऑटोमैटेड मैनुअल) गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है.
हालांकि, इस बार कंपनी ने वेरिएंट लाइनअप को पहले से काफी सिंपल बना दिया है. जहां पुरानी Kwid चार ट्रिम्स में आती थी, वहीं 2026 मॉडल अब सिर्फ दो ट्रिम्स (Evolution और Climber) में उपलब्ध है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹4.53 लाख रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत ₹5.61 लाख तक जाती है.
कीमत
नई Renault Kwid की सबसे अच्छी बात यह है कि अब इसकी कीमत पहले से कम हो गई है. अगर आप Evolution MT खरीदते हैं, तो आपको ₹13,500 का फायदा मिलेगा, जबकि Evolution AMT पर ₹10,000 की बचत होगी. वहीं Climber MT अब ₹32,000 और Climber AMT ₹27,200 सस्ती हो गई है.
यह भी पढ़ें: कौन सी हैं वो 10 कारें जिन्हें जून महीने में खरीदने के लिए टूट पड़े लोग, देखें पूरी लिस्ट
