राजद का शक्ति प्रदर्शन है सम्मेलन: प्रभुनाथ

रामजयपाल कॉलेज में जुटे राजद के कार्यकर्ता, दिखे एकजुट छपरा : राजद का कार्यकर्ता सम्मेलन शक्ति प्रदर्शन है. कम समय व बिना प्रचार-प्रसार के इतनी संख्या में लोगों का जुटना संगठन की मजबूती को रेखांकित करता है. उक्त बातें पार्टी के वरीय नेता व पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह ने रामजयपाल कॉलेज में अपने संबोधन में […]

By Prabhat Khabar Digital Desk | June 22, 2015 7:53 AM
रामजयपाल कॉलेज में जुटे राजद के कार्यकर्ता, दिखे एकजुट
छपरा : राजद का कार्यकर्ता सम्मेलन शक्ति प्रदर्शन है. कम समय व बिना प्रचार-प्रसार के इतनी संख्या में लोगों का जुटना संगठन की मजबूती को रेखांकित करता है. उक्त बातें पार्टी के वरीय नेता व पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह ने रामजयपाल कॉलेज में अपने संबोधन में कही. उन्होंने कहा कि वर्तमान में दल, राज्य व देश पर संकट है. बिहार चुनाव उस संकट से उभार सकता है. उन्होंने कहा कि बिहार विकास की ओर बढ़ रहा था. बीजेपी सरकार उसे रोकने का प्रयास कर रही है.
बीआरजीएफ, इआयो व मनरेगा को बंद कर दिया. वार्षिक बजट में कटौती कर आम लोगों में बेकारी व गरीबी लाने की साजिश हो रही है. अच्छे दिन का नारा देकर बुरे दिन ला दिये गये. बेकारी, बेरोजगारी व देश की सीमा को असुरक्षित कर पेंशन बीमा व योग के धोखे में उलझाया जा रहा है. उन्होंने विधान परिषद चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह विधानसभा के साथ ही दिल्ली की सत्ता पर भी प्रभाव डालेगा.
उन्होंने छपरा के उम्मीदवार सलीम परवेज को बेहतर उम्मीदवार बताते हुए अन्य उम्मीदवारों को इंटरनेशनल फ्रॉड व लोकल फ्रॉड कहा तथा लालू का आशीर्वाद प्राप्त होने की अफवाह फैलाने की बात कही. उन्होंने सभी से एकजुट होने व महागंठबंधन की जीत सुनिश्चित करने की अपील की. सभा को संबोधित करते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने भाजपा को जुमलेबाज व धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि देश बिखराव के कगार पर है.
कार्यकर्ताओं को देश की रक्षा के लिए एकजुट होने की जरूरत है. सभा को पूर्व मंत्री व जिला प्रभारी बसावन भगत, पूर्व मंत्री चंद्रिका राय, उदित राय, मुनेश्वर चौधरी, विधायक जितेंद्र राय, रणधीर सिंह, पूर्व विधायक डॉ रामानुज प्रसाद, मुंद्रिका यादव, छपरा विप प्रत्याशी सलीम परवेज, सीवान प्रत्याशी विनोद कुमार जायसवाल ने संबोधित किया. सभा की अध्यक्षता जिला राजद अध्यक्ष बलागुल मोबीन ने की.
लालू प्रसाद ने किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
छपरा : स्थानीय निकाय चुनाव के महागंठबंधन प्रत्याशी सलीम परवेज के प्रधान चुनाव कार्यालय का उद्घाटन राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रविवार को फीता काट कर किया. श्री परवेज का चुनाव कार्यालय पूर्व मंत्री उदित राय के मौना चौक के निकट कार्यालय में खोला गया.
श्री प्रसाद प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने के पश्चात लौटने के क्रम में सीधे कार्यालय पहुंचे और उद्घाटन किया. मौके पर प्रत्याशी सलीम परवेज, विधायक छोटेलाल राय, कृष्ण कुमार उर्फ मंटू सिंह, जदयू के प्रदेश महासचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री उदित राय, जदयू जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह, अमरजीत राय, अब्दुल रहीम राइन आदि उपस्थित थे. श्री प्रसाद ने उद्घाटन के पश्चात शैलेंद्र प्रताप व अन्य से बातचीत कर विधान परिषद् का फीड बैक लिया.